Post Image

वसंत पंचमी विशेष: वसंत ऋतु के साथ ब्रज में होली का आगाज

मथुरा, 30 जनवरी;  ब्रज में वसंत पंचमी के अवसर पर 40 दिवसीय फाग महोत्सव (होली) का शुभारंभ हो गया। बृहस्पतिवार की सुबह शृंगार आरती के बाद ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में अबीर-गुलाल से होली खेली गई। मंदिर परिसर ठाकुरजी के जयकारों से गुंजायमान हो गया।

वसंत के आगमन पर श्रृंगार आरती के बाद ठाकुर बांकेबिहारी महाराज ने वसंती पोशाक धारण कर भक्तों को दर्शन दिए। मंदिर के सेवायतों ने चांदी के थालों में हरा, लाल, वसंती, गुलाबी और पीले रंग का गुलाल भक्तों पर डाला।

यह भी पढ़ें-वसंत पंचमी विशेष: मां सरस्वती की पूजन विधि और उनके ग्यारह नाम

वसंत पंचमी पर रंगों के मिलन से मंदिर में इंद्रधनुषी छटा बिखर गई। बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत ने बताया कि सर्वप्रथम वसंत पंचमी पर ठाकुरजी के गालों पर गुलाल लगाया जाता है। ठाकुर श्री बांकेबिहारी मंदिर में गुलाल उड़ने के साथ ही ब्रज की परंपरागत होली के शुभारंभ हो जाता है।

‘ऋतुराज’ के स्वागत में ठाकुर द्वारिकाधीश मंदिर में भी वसंती छटा बिखरी। राजाधिराज ने पीत वस्त्र धारण कर भक्तों को दर्शन किए। वहीं प्राचीन ठाकुर श्री केशव देव मंदिर में वसंत उत्सव की धूम है।

ब्रज में फाग महोत्सव 40 दिन तक चलेगा। इस दौरान हर दिन होली के कार्यक्रम होंगे।

Post By Shweta